आजमगढ़ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिन बुधवार को जिला कार्यालय पर हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आज़मगढ़ जनपद के विधायकगण, वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने केक काटकर अखिलेश यादव के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं उज्ज्वल राजनीतिक जीवन की कामना की।
समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि अखिलेश यादव का नेतृत्व समाजवादी विचारधारा को नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है। उनके नेतृत्व में विकास, सामाजिक न्याय और भाईचारे की राजनीति को नई दिशा मिली है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव करैली ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गरीबों, किसानों, नौजवानों और वंचित वर्गों की आवाज़ उठाती रही है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी प्रदेश की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने और संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा पार्टी की मजबूती और प्रदेश की खुशहाली के लिए संकल्प लिया। पूरे आयोजन में उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।
