आजमगढ़। मुबारकपुर थाना पुलिस ने वाहन चोरी की दो घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल, एक ई-रिक्शा, दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस तथा 450 रुपये नकद बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार, 23 जून को कटरा मुबारकपुर से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा 24 जून को पिचरी गांव से एक ई-रिक्शा चोरी होने के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा एवं उपनिरीक्षक विवेक सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और यक्ष ऐप के माध्यम से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद 25 जून की रात करीब 11:40 बजे बावन बीघा मैदान, इस्लामपुरा क्षेत्र से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुर्जरपार निवासी अमन कुमार तथा हरदोई जिले के निवासी शहदाब खान और साहिल खान शामिल हैं, जो वर्तमान में लखनऊ में रह रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित वाहन चोर गिरोह के सदस्य हैं और विभिन्न जनपदों से दोपहिया वाहन एवं ई-रिक्शा चोरी कर कम कीमत पर बेचते थे। उन्होंने मुबारकपुर क्षेत्र से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा पिचरी गांव से ई-रिक्शा चोरी करने की बात भी कबूल की। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध वाहन चोरी एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार शहदाब खान के विरुद्ध लखनऊ में भी वाहन चोरी का एक मुकदमा दर्ज है।
