माहुल(आजमगढ़)। अहरौला थाना क्षेत्र के गनवारा गांव में शनिवार रात पीछे का दरवाजा खोलकर घर में घुसे चोरों ने लगभग चार लाख के सोने चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी माहुल यश सिंह पटेल और जिले की फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर पीड़ित से पूछताछ के साथ ही साथ साक्ष्य संकलित किया।पीड़ित शिवशंकर मौर्य का परिवार रविवार को सुबह अयोध्या में दर्शन करने के लिए जाने वाले थे। जिसके कारण शनिवार रात में पूरा परिवार खाना खाकर जल्दी ही सो गया।रात में पता नहीं कब अज्ञात चोर घर के पीछे के दरवाजे की सिटकिनी खोल कर घर के कमरे में पहुंच गए। और आलमारी का ताला तोड़ कर उसमें रखा एक सोने का हार, कान की झुमकी, नाक की नाथिया, मांगटीका, मंगलसूत्र और चांदी का पायजेब उठा ले गए। रविवार अलसुबह जब घर के लोग जागे तो घटना की जानकारी हुई। इस बाबत शिवशंकर मौर्य ने अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस को शिकायती पत्र दिया है।
————————————
अहरौला थाना क्षेत्र में नहीं रुक रहा चोरियों का सिलसिला,
माहुल(आजमगढ़)। अहरौला थाना क्षेत्र में सिलसिलेवार आए दिन हो रही चोरियों से लोगो में दहशत व्याप्त है। 12 अप्रैल से अब तक आधा दर्जन मकान और दुकान में चोरी की घटनाएं हुई है और एक भी घटना का राजफाश पुलिस अभी तक नहीं कर सकी है।जिससे आम जनमानस में पुलिस के प्रति असंतोष पनप रहा। बीते 12 अप्रैल को दिन में माहुल के वार्ड नं0 09 सुबास चन्द्र बोस नगर में संजय यादव के घर दिन दहाड़े 15 लाख के जेवरात की चोरी, कोर्राघाटमपुर में शैलेंद्र यादव के घर से छः हजार रूपये की चोरी, 27 अप्रैल को बसही बाजार में नीरज गुप्ता के दुकान से ढाई लाख रुपए और एक लाख रुपए के सामान की चोरी,18 मई को माहुल पवई रोड पर गुमटी का ताला तोड़ कर 10 हजार रूपये के पान सामग्री की चोरी,20 मई को क्षेत्र के राजापुर माफी गांव में दुकान के शटर का ताला तोड़ कर शीतल पेय सहित 50 हजार की चोरी का अभी तक राजफाश नहीं हुआ और अब गनवारा गांव में शिवशंकर मौर्य के यहां हुई चोरी की घटना ने क्षेत्र में हलचल मचा दिया है। गनवारा गांव के लोगों का यहां तक कहना है कि गांव में कभी भी पुलिस की गस्त रात में नहीं होती और हल्के के सिपाही का चेहरा आज तक किसी ने नहीं देखा।।
