अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल अंबारी मार्ग पर टिकुरिया मैदान के समीप हुई घटना,
माहुल(आजमगढ़)। अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल अंबारी मार्ग पर बुधवार रात करीब नौ बजे महिला के कान की बाली छीनकर बाइक सवार बदमाश फरार हो गए। इस घटना से बाजार में हड़कंप मच गया। पुलिस पिकेट से कुछ ही दूर हुई इस दुस्साहसिक घटना से पुलिस के हाथ पाव फूलने लगे। क्षेत्र के कोर्राघाटमपुर निवासी अरविंद बाइक पर अपनी पत्नी ममता और बुआ के लड़के के साथ अपने साढ़ू के घर फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के कुसहा गांव में जा रहे थे। जैसे ही वे माहुल से समान खरीदकर बाइक से अम्बारी मार्ग पर टिकुरिया मैदान से आगे बढ़े पुलिस पिकेट से कुछ ही दूरी पर पीछे से बाइक सवार तीन बदमाश आए और उनकी पत्नी ममता के कान की सोने की बाली छीन कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही माहुल में हड़कंप मच गया। पुलिस तंत्र सक्रिय हो गया और थानाध्यक्ष अहरौला मंतोष कुमार के साथ जांच पड़ताल में लग गए। पुलिस बल माहुल बाजार में लगे खुफिया कैमरों को खंगालने में लग गया।घटना के बाबत पीड़िता के पति अरविंद ने तीन अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ तहरीर दिया है।।
