महराजगंज आजमगढ़ महराजगंज ब्लाक अंतर्गत उस वक्त अफरा तफ़री मच गयी जब गोवंश को गोशाला ले जाते समय गोवंश के मारने की खबर सोशल मीडिया पर चलने लगी, पुरे सरकारी तंत्र के कान खड़े हो गए | परन्तु सम्बंधित अधिकारिओं व पुलिस बल के मौके पर पहुंचने के बाद मामले की सच्चाई सामने आयी और मामला शांत हुआ | मिली जानकारी के अनुसार, सरकारी वाहन से गोवंशों को गौशाला ले जाया जा रहा था, तभी एक पशु का पैर वाहन के बाहर निकल गया, जिसे देख मौके पर मौजूद लोगों ने आपत्ति जताई| उनका आरोप था कि पशुओं के परिवहन में आवश्यक सावधानियों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे उनके साथ अमानवीय व्यवहार हो रहा है| घटना की जानकारी मिलते ही सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और इसका विरोध शुरू कर दिया| उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की| देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया| सूचना मिलने पर पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया| पुलिस ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई गई |अधिकारियों ने भविष्य में ऐसी लापरवाही न होने का आश्वासन दिया और पशुओं के सुरक्षित परिवहन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करने की बात कही | खंड विकास अधिकारी महराजगंज ने बताया कि सरकारी वाहन से कुल 15 गोवंश को तेरहीं गौशाला भेजे जा रहा था जिसमे से एक गोवंश का पैर बंद गेट से बाहर निकल गया था जिसे देख कर हुई आपत्ति पर गंभीर संज्ञान लिया गया और चिकित्सीय निरीक्षण व सख्त हिदायत के बाद गौशाला पहुंचा दिया गया | महराजगंज कोतवाली प्रभारी अनुराग कुमार ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने सम्बंधित अधिकारिओं को बुलवाकर मामले का शांतिपूर्ण व संतोषजनक निस्तारण करा दिया है हालांकि, सामाजिक संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि आगे भी इस तरह की लापरवाही सामने आई, तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे|
