आजमगढ़ 19 अप्रैल भाजपा नेता ओंकार पाण्डेय ने लोकसभा में महिला आरक्षण बिल (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) को लेकर विपक्ष के विरोध पर करारा हमला बोला उन्होंनें विपक्षी दलों को झूठा और घोर महिला विरोधी बताते हुये कहा कि यह विरोध केवल राजनीतिक स्वार्थ और वोट बैंक की राजनीति से प्रेरित है। विपक्ष महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित रखना चाहता है। भाजपा नेता ओंकार पाण्डेय ने आगे कहा कि जब देश की महिलाओं को उनका अधिकार और सम्मान देने का ऐतिहासिक अवसर आया, तब विपक्ष ने एक बार फिर अपनी संकीर्ण और नकारात्मक मानसिकता का परिचय दिया। विपक्षी दल वर्षों तक महिलाओं के लिये केवल खोखले वादे करते रहे, लेकिन जब वास्तविक सशक्तिकरण का समय आया तो इसका विरोध करने लगे। भाजपा नेता ने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है, लेकिन विपक्ष को महिलाओं की प्रगति कभी रास नहीं आई। विपक्ष का यह रवैया न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है बल्कि देश की आधी आबादी का अपमान भी है। भाजपा नेता ने कहा कि अब देश की मातायें बहनें विपक्ष की इस दोहरी नीति और झूठी राजनीति को भलीभांति समझ चुकी हैं। उन्होंने अंत में कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिये प्रतिबद्ध है, और नारी शक्ति वंदन अधिनियम इस संकल्प का सशक्त प्रमाण है।
