महराजगंज आजमगढ़ ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर महराजगंज क्षेत्र की सभी मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी| सुबह से ही लोग नए कपड़े पहनकर, इत्र लगाकर और दिलों में खुशी लिए नमाज अदा करने के लिए पहुंचने लगे| निर्धारित समय पर इमाम साहब ने विशेष नमाज अदा कराई और मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी गई| नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी| छोटे-बड़े, अमीर-गरीब सभी ने आपसी भाईचारे और सौहार्द का परिचय देते हुए इस त्योहार को पूरे उत्साह के साथ मनाया| बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला, जो नए कपड़े पहनकर ईदी पाने और मिठाइयों का आनंद लेने में मग्न रहे| ईद के मौके पर बाजारों में भी रौनक देखने को मिली| सेवइयां, मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही| घरों में तरह-तरह के पकवान बनाए गए और मेहमानों का स्वागत किया गया|वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा| प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास पुलिस बल तैनात रहा, जिससे नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई| ईद-उल-फितर का यह पर्व एक बार फिर आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देते हुए हर्षोल्लास के साथ मनाया गया|
