मुबारकपुर आजमगढ़। नगर पालिका परिषद मुबारकपुर, आजमगढ़ में जन्म–मृत्यु पंजीकरण व्यवस्था को लेकर नगर पालिका के सभासद सुलेमान अंसारी मासूम आज़मी, काशिफ मसऊद बेलाल हाशिम आदि ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि अधिशासी अधिकारी द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए नागरिक सेवाओं में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। शिकायत में कहा गया है कि जन्म–मृत्यु पंजीकरण के मामलों में समयबद्ध हस्ताक्षर नहीं किए जा रहे, जिससे सैकड़ों आवेदन लंबित पड़े हैं। सिटीजन चार्टर के प्रावधानों का पालन नहीं हो रहा और नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान होना पड़ रहा है। पत्र के अनुसार एक वर्ष से अधिक समय से सैकड़ों विलंबित पंजीकरण आवेदन लंबित हैं, जबकि हाल के दिनों में लगभग 500 से अधिक नए आवेदन भी जमा हो चुके हैं। सभासदों ने आरोप लगाया कि बिना विधिसम्मत आदेश के कई मामलों में पंजीकरण कार्य रोका गया, जिससे परिवार रजिस्टर और जन्म–मृत्यु अभिलेखों की प्रतिलिपि जारी नहीं हो पा रही है। इससे चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) कार्य में भी बाधा उत्पन्न हुई है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पूर्व में वर्षों तक परिवार रजिस्टर की प्रतिलिपियां जारी होती रहीं, लेकिन अब अचानक प्रक्रिया रोक दी गई। इसके अलावा, आरोप है कि अधिशासी अधिकारी नगर पालिका कार्यालय में आम जनता और निर्वाचित प्रतिनिधियों को पर्याप्त समय नहीं दे रहे, जिससे जनसमस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा। सभासदों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों/कर्मचारियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाए, लंबित जन्म–मृत्यु पंजीकरण मामलों का तत्काल निस्तारण कराया जाए।
