लालगंज (आजमगढ़)राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, आजमगढ़ ने राज्य सरकार के तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा शुरू किए गए स्टेट इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (SIRF) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश के सभी शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों में द्वितीय स्थान एवं आरईसी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।एसआईआरएफ, तकनीकी शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा विकसित एक राज्य स्तरीय रैंकिंग फ्रेमवर्क है, जिसके अंतर्गत संकाय गुणवत्ता, आधारभूत संरचना, शोध प्रकाशन, स्टार्ट-अप एवं नवाचार, प्लेसमेंट, प्रयोगशाला उत्पादकता, परीक्षा सुधार एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों जैसे प्रमुख मानकों पर संस्थानों का मूल्यांकन किया जाता है। इस रैंकिंग में शीर्ष तीन संस्थान
1- कमला नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, सुल्तानपुर – 234 अंक , 2. राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, आजमगढ़ – 206 अंक, 3. राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, कन्नौज – 202 अंक हैं।राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, आजमगढ़ ने 206 अंकों के साथ प्रदेश के सभी सरकारी इंजीनियरिंग संस्थानों में द्वितीय स्थान अर्जित किया, जो संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान उन्मुखता, नवाचार संस्कृति तथा प्लेसमेंट गतिविधियों की सुदृढ़ता को दर्शाता है।संस्थान के निदेशक प्रो. बी. के. त्रिपाठी ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों एवं समस्त कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्थान निरंतर गुणवत्ता उन्नयन, शोध संवर्धन एवं उद्योग–अकादमिक सहयोग को और सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करता रहेगा।संस्थान के कुलसचिव डॉ. अम्बरीष सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान के प्रशासनिक पारदर्शिता, अकादमिक अनुशासन एवं सतत मॉनिटरिंग प्रणाली का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय भविष्य में भी उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
एसआईआरएफ समन्वयक डॉ. अनीश कुमार ने जानकारी दी कि एसआईआरएफ के विभिन्न मापदंडों जैसे फैकल्टी क्वालिटी, इंफ्रास्ट्रक्चर इंडेक्स, रिसर्च पब्लिकेशन, स्टार्टअप एवं इनोवेशन, तथा कैंपस प्लेसमेंट में संस्थान का प्रदर्शन सराहनीय रहा है।राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, आजमगढ़ की इस उपलब्धि पर समस्त शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं पूर्व छात्रों में हर्ष का वातावरण है। यह सफलता संस्थान की गुणवत्ता, प्रतिबद्धता और उत्कृष्टता की दिशा में सतत प्रयासों का प्रतिफल है।
