मुबारकपुर आज़मगढ़ सोमवार की शाम मुबारकपुर क्षेत्र में स्थित सबा कॉन्वेंट स्कूल की दूसरी शाखा भटौरा में 22वां वार्षिक उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। देर रात तक चले इस भव्य आयोजन का नाम “कारवाँ” रखा गया था, उत्सव के दौरान छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। इनमें विद्या आश्रम, सेव द गर्ल, जय जवान जय किसान, महिला सशक्तिकरण, दांडी मार्च, एजुकेशनल थीम तथा देशभक्ति गीतों पर आधारित कार्यक्रम शामिल रहे। विशेष रूप से चन्द्रशेखर आज़ाद के जीवन पर आधारित प्रस्तुति ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। बच्चों की इन प्रस्तुतियों ने मुख्य अतिथियों और अभिभावकों का दिल जीत लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि शशि मौली पांडे (थाना प्रभारी, मुबारकपुर) तथा विशिष्ट अतिथि मुरारी मिश्रा (कस्बा प्रभारी) मौजूद रहे। मुख्य अतिथि शशि मौली पांडे ने कहा कि जिस तरह से बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, वह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने बच्चों, अभिभावकों, शिक्षकों तथा विद्यालय प्रबंधन को ढेरों बधाइयाँ और शुभकामनाएँ दीं। विद्यालय के मैनेजर अफरोज़ अहमद ने बताया कि भटौरा स्थित दूसरी शाखा में 22वां वार्षिक उत्सव सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि आज बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियाँ दी हैं और वे सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं। साथ ही उन्होंने अभिभावकों के निरंतर सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए स्कूल के सभी शिक्षकों और स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उप-प्रिंसिपल अंसार नेयाज़ी, भटौरा शाखा की प्रिंसिपल उम्मे अमीना, गुफरान अहमद, शाहिद जमाल, डॉ. जावेद कमर, सैय्यद वजीउल हक, हाजी शमीम अख्तर, सैय्यद अनीसुल हक, ज़मीर अहमद, रिज़वान अहमद कटरा, डा. खुसरू, आलमगीर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह के समापन पर अतिथियों ने विद्यालय प्रबंधन की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
