ज्ञानोत्सव–2026: तकनीकी शिक्षा से ग्रामीण विकास का संदेश
राजकीय पॉलिटेक्निक अतरौलिया में 13 से 16 फरवरी तक आयोजित चार दिवसीय शैक्षणिक, तकनीकी, सांस्कृतिक एवं खेल महोत्सव ज्ञानोत्सव–2026 का सोमवार को देर शाम भव्य समापन हुआ। इस वर्ष का आयोजन विशेष रूप से उन्नत भारत अभियान की गतिविधियों पर केंद्रित रहा, जिसके माध्यम से शिक्षा को ग्रामीण विकास और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का सार्थक प्रयास किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संयुक्त आयुक्त उद्योग रंजन चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को नवाचार और तकनीकी दक्षता के माध्यम से ग्रामीण भारत को सशक्त बनाने का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री रामाकांत मिश्रा,आरसीआई, आईआईटी बीएचयू से जुड़े शिक्षाविद् डॉ. शिशिर गौर एवं प्रोजेक्ट मैनेजर आशीष कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथि सम्मान के रूप में मलेशिया स्थित क्योर वेंचर्स लिमिटेड के चेयरमैन राज प्रताप सिंह ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में स्थानीय ग्राम प्रधानों व समाजसेवियों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। इस अवसर पर AICCEDS के चेयरमैन डॉ. कृष्ण मोहन त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ उत्कृष्टता हासिल करने की प्रेरणा दी। संस्थान के निदेशक डॉ. सुबोध कांत सिंह ने उन्नत भारत अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीकी समाधान विकसित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए शिक्षा को समाज से जोड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के प्रेरणास्रोत स्वर्गीय प्रो. बजरंग त्रिपाठी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित जनों ने दो मिनट का मौन रखकर शिक्षा एवं ग्रामीण उत्थान के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया। ज्ञानोत्सव के अंतर्गत उन्नत भारत अभियान के सहयोग से “मेरा भारत–मेरा गाँव” विषय पर फोटो व पोस्टर प्रतियोगिता, ग्रामीण पहचान पर पेंटिंग कार्यशाला, तकनीकी प्रदर्शन शिविर, ग्राम सर्वेक्षण परियोजनाएं तथा छात्र-नेतृत्व में ग्रामीण नवाचार प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों ने शिक्षा और ग्रामीण विकास के प्रभावी समन्वय को प्रदर्शित किया। महोत्सव में तकनीकी प्रतियोगिताओं, प्रोजेक्ट प्रदर्शनी, खेल स्पर्धाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया। सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन निदेशक डॉ. सुबोध कांत सिंह के नेतृत्व में हुआ। आयोजन की सफलता के लिए उन्नत भारत अभियान के प्रमुख एवं इवेंट हेड आर. जायसवाल, इवेंट प्रभारी ई. ज्योति त्रिपाठी, सुश्री रमा पांडेय, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों के योगदान की सराहना की गई। ज्ञानोत्सव–2026 ने तकनीकी शिक्षा, नवाचार और ग्रामीण परिवर्तन की दिशा में एक सशक्त संदेश देते हुए आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण की प्रतिबद्धता को और मजबूत किया।
