मुबारकपुर आज़मगढ़ आरपीएफ थाना आजमगढ़ के उप निरीक्षक संजय कुमार शुक्ला ने अपने स्टाफ के साथ आजमगढ़–मुहम्मदाबाद रेलवे स्टेशन के मध्य स्थित गेट संख्या 15/C (बनियापार) एवं गेट संख्या 20A (सठियांव) पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इसके साथ ही रेलवे क्षेत्र सठियांव के निकट स्थित प्राथमिक विद्यालय सठियांव (प्रथम) में भी बच्चों और स्थानीय लोगों को रेलवे सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान उप निरीक्षक संजय कुमार शुक्ला ने लोगों को ट्रेनों पर पत्थर न फेंकने, अवैध रूप से रेलवे ट्रैक पार न करने तथा बंद रेलवे फाटक को पार करने से होने वाले गंभीर हादसों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस तरह की लापरवाही न केवल जान-माल के लिए खतरा बनती है, बल्कि कानूनी अपराध भी है, जिसके लिए सख्त कार्रवाई का प्रावधान है। विद्यालय परिसर में बच्चों को सरल भाषा में समझाया गया कि रेलवे ट्रैक पर खेलना, शॉर्टकट के तौर पर पटरी पार करना और फाटक बंद होने के बावजूद निकलने की कोशिश करना कितना खतरनाक हो सकता है। बच्चों को यह भी प्रेरित किया गया कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी रेलवे सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करें। आरपीएफ कर्मियों ने स्थानीय राहगीरों से अपील की कि वे रेलवे नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असुरक्षित स्थिति की जानकारी तुरंत रेलवे सुरक्षा बल या संबंधित अधिकारियों को दें। अभियान का उद्देश्य दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और आमजन में रेलवे सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाना रहा।
