
वर्ष 2021 से विदेश मंत्रालय के पासपोर्ट और वीजा डिवीजन में निदेशक के पद पर कार्यरत रहे सैयद रजी हैदर फहमी
माहुल(आजमगढ़)। जिले के शिबली गांव निवासी और वरिष्ठ आईएफएस अधिकारी सैयद रजी हैदर फहमी को टैंगो गणराज्य में भारत का राजदूत नियुक्त किया। जैसे ही राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने उन्हें राजदूत नियुक्त किया और इसकी खबर उनके गांव और शुभचिंतकों को हुई हर्ष का माहौल व्याप्त हो गया। सैयद रजी अहमद फहमी का जन्म शिबली गांव में हुआ था पर इनके पिता गुलाम हुसैन रोजी रोटी के सिलसिले में कोलकाता चले गए और वहीं बस गए। इनकी पढ़ाई लिखाई कोलकाता में हुई।कोलकाता में शिक्षा ग्रहण करने के बाद वे मुंबई अनुसंधान विभाग में कार्यरत हो गए।1994 में विदेश मंत्रालय में शामिल हुए और देश विदेश में भारतीय दूतावासों में कार्य किया। वर्ष 2021 से वे विदेश मंत्रालय के पासपोर्ट और वीजा डिवीजन में निदेशक के पद पर कार्यरत रहे। इनकी कार्यकुशलता ,योग्यता और दूरदृष्टि को देखकर देश की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने उन्हें टैंगो जैसे महत्वपूर्ण गणराज्य में भारत का राजदूत नियुक्त किया है। टैंगो अफ्रीका के पश्चिमी हिस्से में स्थित एक स्वतंत्र गणराज्य है। सैय्यद रजी हैदर फहमी की शादी फूलपुर तहसील के कंदरी गांव निवासी और फातिमा हिंद गर्ल्स कॉलेज के प्रबंधक सैयद आफताब हुसैन की पुत्री गुलनाज फातिमा के साथ हुई है। इनके तीन बच्चे है जो कि चिकित्सक है। हिंद गर्ल्स कॉलेज के लिपिक और सैयद रजी हैदर फहमी के साले सैयद वसीम हैदर ने बताया कि हमें गर्व है कि हमारा रिश्तेदार भारत देश के लिए विदेश में कार्य कर रहा है।
सैयद रजी हैदर फहमी की ससुराल कंदरी में जश्न का माहौल
सैयद रजी हैदर फहमी के टैंगो गणराज्य का राजदूत बनने के बाद तीन दिन से लगातार उनकी ससुराल कंदरी में जश्न का माहौल व्याप्त है। रविवार को इस खुशी में मिष्ठान का वितरण कर खुशी मनाई गई। इस अवसर पर हिन्द गर्ल्स कॉलेज के प्रबंधक सैयद आफताब हुसैन,वसीम हैदर,नाज फातिमा,जगदंबा यादव,उमाशंकर यादव आदि रहे।।