
छठ गीतों से पूरी दुनियां में बिहार कोकिला के नाम से मशहूर शारदा सिन्हा का आज शाम दिल्ली एम्स में निधन हो गया। उन्हें कल शाम से वेंटिलेटर पर रखा गया था। तबियत बिगड़ने पर उन्हें 26 अक्टूबर को दिल्ली एम्स में भर्ती किया गया था। वो आईसीयू में थीं। हालत में थोड़ा सुधार होने पर 3 नवंबर को उन्हें वार्ड में शिफ्ट किया गया था पर 4 नवंबर की शाम को उनका ऑक्सीजन लेवल काफी गिर गया जिसके बाद से वो वेंटिलेटर पर थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शाम उनके बेटे अंशुमान सिन्हा से फोन पर बात करके स्वास्थ्य की जानकारी ली। वहीं केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह आज शारदा सिन्हा के स्वास्थ्य की जानकारी लेने दिल्ली एम्स पहुंचे थें। उन्होंने यहां शारदा सिन्हा के परिजनों और डॉक्टरों से मुलाकात की। वहीं कल शाम केन्द्रीय मंत्री चिराग पासवान भी बिहार कोकिला से मिलने दिल्ली एमस पहुंचे थें।