जीयनपुर पुलिस की मुठभेड़ में गिरोह का सरगना अमित साहनी घायल, दो अन्य गिरफ्तार; छह जिलों में दर्ज हैं 18 मुकदमे
आजमगढ़। बैंक से रुपये निकालने और जमा करने जाने वाले लोगों को निशाना बनाकर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का जीयनपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बुधवार की सुबह पुलिस मुठभेड़ में गिरोह का सरगना गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जीयनपुर पुलिस 25 नवंबर की सुबह करीब 5:30 बजे महावतगढ़ चकिया-अमुवारी नारायणपुर मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसी दौरान एक अभियुक्त ने बबूल के पेड़ की आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली थानाध्यक्ष संजय सिंह के दाहिने कनपटी के पास से निकल गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह के सरगना अमित साहनी के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मौके से अमित साहनी समेत शिवा साहनी और सुनील साहनी को गिरफ्तार कर लिया। घायल अमित को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों अभियुक्त देवरिया जनपद के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के मलाह टोली के रहने वाले हैं। गिरोह के सदस्य बैंकों में रुपये जमा करने या निकालने आने वाले लोगों की रेकी करते थे। इसके बाद मदद करने अथवा अधिक रुपये देने का झांसा देकर उन्हें बातचीत में उलझाते और असली रुपये लेकर कागज की गड्डी थमा देते थे इसी गिरोह ने 10 अगस्त को अजमतगढ़ स्थित बड़ौदा यूपी बैंक में धर्मराज चौहान से 74 हजार रुपये की ठगी की थी। वहीं 29 अक्टूबर को भारतीय बैंक जीयनपुर से रुपये निकालकर जा रही एक बुजुर्ग महिला का बैग बदलकर 49 हजार रुपये लेकर फरार हो गए थे। इन दोनों घटनाओं में कुल 1 लाख 23 हजार रुपये की ठगी की गई थी। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से टप्पेबाजी के 19,100 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, एक अवैध देशी तमंचा, .315 बोर का एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, तीनों अभियुक्तों के खिलाफ आजमगढ़, देवरिया, बुलंदशहर, कुशीनगर, गोरखपुर और महराजगंज समेत छह जनपदों में कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध जीयनपुर थाने में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष संजय सिंह, उपनिरीक्षक परमात्मा मिश्रा, विनय कुमार यादव समेत जीयनपुर थाने के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
