हार्ट अटैक या हत्या? पिता ने जताई हत्या की आशंका, एक व्यक्ति का नाम सामने आने पर परिवार में भी असमंजस
पवई (आजमगढ़)। जिले के नरवारी गांव निवासी रविंदर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मामला लगातार उलझता जा रहा है। घटना के एक दिन बाद भी मृतक का अंतिम संस्कार नहीं किया गया है। परिजन शव को घर पर रखकर पुलिस कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। परिवार का कहना है कि जब तक मामले में नामजद व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।मिली जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर 2026 की सुबह ग्राम प्रधान विजय ने मृतक के पिता रुदल बिंद को फोन कर सूचना दी कि उनके बेटे रविंदर के सिर में चोट लगी है और उसकी मौत हो गई है। बताया गया कि हरिमोहन निवासी ग्राम दिपाईपुर, थाना शाहगंज, जनपद जौनपुर ने ग्राम प्रधान को फोन कर घटना की जानकारी दी थी।मृतक के पिता रुदल बिंद ने थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि पहले उन्हें बेटे की मौत हार्ट अटैक से होने की बात बताई गई, जबकि बाद में सिर में चोट लगने की जानकारी दी गई। सूचना में इस अंतर के चलते उन्हें बेटे की मौत को लेकर संदेह है। उन्होंने हरिमोहन के खिलाफ जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।वहीं, घटना के बाद परिजन आक्रोशित हैं और गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। परिवार की ओर से एक व्यक्ति का नाम मामले में जोड़े जाने को लेकर भी असहमति और असमंजस की स्थिति बताई जा रही है। परिजनों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और वास्तविक स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए।समाचार लिखे जाने तक मृतक का शव घर पर ही रखा हुआ था और परिजनों ने अंतिम संस्कार नहीं किया था। परिवार गिरफ्तारी की मांग पर अड़ा हुआ है। अब सभी की निगाहें पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।
