फरिहा आजमगढ़ निजामाबाद थाना क्षेत्र के असीलपुर गांव में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर दीवार के सहारे छत पर चढ़कर घर में दाखिल हुए और परिवार के सदस्यों को कमरों में बंद कर चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना से गांव में दहशत का माहौल है।असील पुर गांव निवासी शंकर यादव पुत्र बंशू के परिवार के लोग मंगलवार की रात अपने घर में सो रहे थे। करीब 12 बजे शंकर यादव की पत्नी को कुछ आहट सुनाई दी। संदेह होने पर उन्होंने जागकर खिड़की से बाहर देखा तो हाल में गलियारे के पास एक व्यक्ति खड़ा दिखाई दिया। उन्होंने शोर मचाना शुरू किया। आवाज सुनकर बगल के कमरे में सो रहे उनके पुत्र देवेंद्र की नींद खुल गई। देवेंद्र ने बाहर निकलने के लिए दरवाजा खोलना चाहा तो पता चला कि दरवाजा बाहर से बंद है। चोरों ने घर के सभी कमरों में सो रहे लोगों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए थे। देवेंद्र ने किसी तरह दरवाजे की सिटकनी तोड़कर खुद को बाहर निकाला और अन्य कमरों के दरवाजे खोले। इसके बाद परिवार के लोग घर में खोजबीन करने लगे तो पता चला कि चोर दो पेटियां लेकर फरार हो चुके थे। परिजनों ने घर के आसपास काफी तलाश की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लगा। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही फरिहाँ चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेते हुए परिजनों से जानकारी ली। शंकर यादव की पत्नी के अनुसार, चोरी गए सामान में सोने की पांच अंगूठियां, एक सोने की चेन, एक जोड़ी कान के फूल, चांदी की कंगनी, पांच दाना लच्छा, चार लर की सीकड़ तथा करीब पांच हजार रुपये नकद शामिल हैं। इस संबंध में शंकर यादव ने निजामाबाद थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
