माहुल(आजमगढ़)! पवई शिक्षा क्षेत्र के इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय गुमकोठी में मंगलवार को नौनिहालों के भोजन में छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान दिनेश यादव ने स्वास्थ टीम बुला कर बच्चों का स्वास्थ परीक्षण कराया। जिससे अप्रिय घटना होते होते बच गई। इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय गुमकोठी में 103 बच्चों का नामांकन है तथा इन्हें पढ़ाने के लिए एक शिक्षामित्र और चार अध्यापक तैनात है।सरकार और विभाग द्वारा जारी दिशा निर्देशों के क्रम में मध्याह्न भोजन तैयार होने के बाद प्रधानाध्यापक द्वारा उसका निरीक्षण करने के बाद ही बच्चों को परोसा जाता है। मीनू के हिसाब से विद्यालय में रसोइए द्वारा मंगलवार को दाल और चावल बनाया गया था। बिना प्रधानाध्यापक द्वारा भोजन का निरीक्षण किए ही दोपहर के समय बच्चों की थाली में जैसे ही मध्याह्न भोजन परोसा गया। बच्चे भोजन कर ही रहे थे कि एक बच्चे के थाली की दाल में छिपकली दिखाई दी और वह डर गया। उसके बाद सारे बच्चे भोजन छोड़ कर उठ गए और विद्यालय में अफरातफरी मच गई।जानकारी होने पर शिक्षामित्र छगनलाल ने मध्यान्ह भोजन को रसोई से उठाकर बाहर फिकवा दिया। जैसे ही बच्चों के खाने में छिपकली की सूचना ग्राम प्रधान दिनेश यादव को हुई आनन फानन में प्रधान ने सामुदायिक स्वास्थ केंद्र पवई के चिकित्सकों को बुला कर बच्चों का स्वास्थ परीक्षण कराया। सूचना मिलते ही बच्चों के अभिभावक भी विद्यालय पर पहुंच गए।चिकित्सकीय परीक्षण में बच्चों के स्वास्थ को ठीक पाए जाने पर लोगो ने राहत की सांस लिया। उसके बाद सारे अभिभावक अपने अपने बच्चों को विद्यालय से अपने साथ लेकर घर चले गए। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी पवई संतोष कुमार सिंह का कहना है कि मध्यान्ह भोजन में छिपकली निकलना घोर लापरवाही है और यह अक्षम्य है। हमने प्रधानाध्यापिका सुनीता यादव को सम्बंधित रसोइया के खिलाफ रिपोर्ट प्रेषित करने के लिए निर्देशित कर दिया गया है। भगवान की कृपा से सारे बच्चे सुरक्षित है।
