फूलपुर आजमगढ़ फूलपुर लालगंज से स्थानांतरित होकर आए नवागत क्षेत्राधिकारी भूपेश पांडेय ने सोमवार को फूलपुर सर्किल का कार्यभार ग्रहण कर लिया।पदभार संभालने के बाद उन्होंने अपराध नियंत्रण, त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने को अपनी प्राथमिकता बताया।नवागत सीओ भूपेश पाण्डेय ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ ही फरियादियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण कराने पर विशेष ध्यान रहेगा।आगामी त्योहारों को देखते हुए फूलपुर,पवई, सरायमीर और दीदारगंज थाना प्रभारियों के साथ पीस कमेटी की बैठक की जाएगी। बैठक में स्थानीय समस्याओं और संभावित चुनौतियों पर चर्चा कर उनका समाधान कराया जाएगा।उन्होंने कहा कि फूलपुर कस्बे में आए दिन लगने वाले जाम और अंबारी-दीदारगंज मार्ग पर लगने वाली सब्जी मंडी से उत्पन्न यातायात समस्या को गंभीरता से लिया जाएगा। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के साथ समन्वय कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। गौरतलब है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पुलिसिंग व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से फूलपुर के क्षेत्राधिकारी किरन पाल सिंह का स्थानांतरण सीओ ट्रैफिक, आजमगढ़ के पद पर किया है। वहीं लालगंज के क्षेत्राधिकारी रहे भूपेश पांडेय को फूलपुर का नया क्षेत्राधिकारी बनाया गया है।
