हादसे में छह घायल,दो की हालत गंभीर हायर सेंटर रेफर
फूलपुर आजमगढ़ फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर पेट्रोल पंप के पास मंगलवार को भोर में 4 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।अनियंत्रित कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।हादसे के समय कार में कुल नौ लोग सवार थे। दुर्घटना में तीन किशोरों की मौत हो गई,जबकि छह लोग घायल हो गए।इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।मृतकों की पहचान फूलपुर कस्बा निवासी निखिल मद्धेशिया (17) पुत्र रामफेर,लकी सोनकर (16) पुत्र अनिल सोनकर और सत्यम मोदनवाल (17) पुत्र नाटे के रूप में हुई है। वहीं सक्षम बरनवाल (17) पुत्र त्रिभुवन बरनवाल और अंश सोनकर (16) पुत्र लालचंद सोनकर गंभीर रूप से घायल हुए है।हादसे में घायल चार अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं।उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।हादसे की सूचना मिलते ही फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।पुलिस ने तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के परिजनों को मिली, घरों में चीख-पुकार मच गई। पूरे फूलपुर कस्बे में शोक का माहौल है।फूलपुर क्षेत्राधिकारी किरन पाल सिंह का कहना है कि पुलिस और क्षेत्र के लोगो की मदद से कार में फंसे सभी लोगो बाहर निकाल कर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।तीनो मृतकों के शव को पोस्टमार्टम में भेज दिया गया है।
