माहुल(आजमगढ़) अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल फुलवरिया मार्ग से रुपाईपुर गांव जाने वाले लिंक मार्ग से गुरुवार को माहुल चौकी प्रभारी यश सिंह पटेल ने जानलेवा हमले के दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। थाने पर पूछताछ के बाद इन अभियुक्तों का पुलिस ने चालान कर दिया। 25 अगस्त की शाम को अंबेडकर नगर जिले के गोपरी चांदपुर निवासी श्रीप्रकाश शुक्ल अपनी कार से निजामपुर बाजार में जा रहे थे। जैसे ही वे पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के अंडरपास के पास पहुंचे तो वहां पर शराब पीकर कुछ लोग सड़क के बीचोबीच हुड़दंग कर रहे थे।उन्हें हटाने के लिए वे जब हॉर्न बजाए तो हुड़दंग करने वाले लोग आक्रोशित हो गए और उन्हें 500 ग्राम के वाट (बटखरे)से उनके सिर पर वार कर मरणासन्न कर दिया था।उसी दिन रात में घटना के बाबत सूर्यप्रकाश शुक्ला ने चार युवकों के खिलाफ अभियोग दर्ज कराया था।तभी से पुलिस चारो आरोपितों की तलाश में लगी थी। गुरुवार सुबह छः बजे जरिए मुखबिर चौकी प्रभारी माहुल यश सिंह पटेल को यह सूचना मिली कि निजामपुर में हुए जानलेवा हमले के दो आरोपी रूपाईपुर गांव की तरफ से आ रहे और कही जाने की फिराक में है।सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ वहां पहुंच गए और घेराबंदी कर दोनों आरोपितों को पकड़ लिया,और थाने ले गए। पकड़े गए आरोपितों में अजय यादव उर्फ मंटू क्षेत्र के मखदुमपुर गांव का निवासी और अरुण यादव तरकुलहा गांव का निवासी है। तलाशी में इन दोनों के पास से हमले में प्रस्तुत वाट भी पुलिस ने बरामद कर लिया।
