मुबारकपुर, आजमगढ़। हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को सबा कान्वेंट स्कूल के बच्चों ने नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाते हुए लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा विद्यालय परिसर से शुरू होकर नगर के विभिन्न मोहल्लों, रोडवेज चौराहा सहित प्रमुख मार्गों से होते हुए विद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान बच्चों ने तिरंगा लहराते हुए ‘देश की रक्षा कौन करेगा—हम करेंगे’ सहित विभिन्न देशभक्ति के नारे लगाए। यात्रा में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाया। विद्यालय के प्रबंधक अफरोज अहमद स्वयं यात्रा का नेतृत्व कर रहे थे। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य अंसर नियाज़ी, प्रधानाचार्या उमै आमिना, सीमा राय, शहनवाज़ आदि शिक्षक एवं शिक्षिकाएं मौजूद रहीं। विद्यालय प्रबंधन अफरोज़ अहमद ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस चौकी इंचार्ज धर्मेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की सराहना की। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया जाता है।
