मोहर्रम की सब्बेदारी से लौटते समय माहुल यूनियन बैंक के पास हुई घटना।
माहुल(आजमगढ़)। अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल पवई मार्ग पर यूनियन बैंक के पास रविवार भोर में ट्रक और स्कॉर्पियो वाहन की आमने सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार छः लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय नागरिकों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन से निकाल कर फूलपुर स्थित ताहिर मेमोरियल हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर ले गए जहां पर डाक्टरों ने दो घायलों की स्थित को गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़ कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी माहुल यश सिंह पटेल ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर थाने पर ले गए।
अहरौला थाना क्षेत्र के नगर पंचायत माहुल के वार्ड नं0 आठ के निवासी मोहम्मद अब्बास(22)महताब(21), वज्मी (20)खुमैनी (22)हसन रजा(21)और लकी अली(21)स्कॉर्पियो वाहन से पवई थाना क्षेत्र के बहाउद्दीनपुर गांव में मोहर्रम की सब्बेदारी में गए थे। वहां से ये लोग कार्यक्रम के समाप्त होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही इनका वाहन माहुल बाजार के यूनियन बैंक के सामने पहुंचा, माहुल की तरफ से आ रही सीमेंट सीट लदी ट्रक से उसकी आमने सामने की भिंडत हो गई। दोनों वाहनों की टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे हो गए और इसमें बैठे ये सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अलसुबह हुए इस हादसे से माहुल में हड़कंप मच गया और काफी संख्या में स्थानीय नागरिक वहां पहुंच गए और घायलों को किसी तरह से वाहन के गेट और सीसे को तोड़ कर बाहर निकाला। थोड़ी देर बाद सभी घायलों के स्वजन भी वहां पहुंच गए और सभी घायलों को फूलपुर के ताहिर मेमोरियल हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। जहा पर डाक्टरों ने मोहम्मद अब्बास और वजमी की हालत काफी नाजुक देख इन दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। जिसमें अब्बास के स्वजनों ने उसे आजमगढ़ के ग्लोबल हॉस्पिटल और वजमी को लाइफ लाइन हॉस्पिटल में भर्ती कराया जहां इन दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।।
