फूलपुर आजमगढ़ फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के गोबरहा गांव में युवक पर चाकू से जानलेवा हमले के आरोपी गंगू उर्फ पुष्पेंद्र को मंगलवार को पुलिस ने सुदनीपुर मार्ग से गिरफ्तार कर लिया है। दोपहर बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया।जहां से उसे जेल भेज दिया गया।घायल ऋषभ उर्फ धर्मेंद्र के पिता राजेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार को सुबह आठ बजे गोबरहा गांव में निर्माणाधीन मकान को देखने जा रहा था।इसी दौरान गांव के गंगू उर्फ पुष्पेंद्र और सत्यम वहां पहुंचा और विवाद करने लगा। विरोध पर उसने अचानक चाकू निकालकर ऋषभ के पेट और बांह पर वार कर दिया।हमले में गंभीर रूप से घायल ऋषभ को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।वहां डॉक्टरों ने इलाज कर उसकी जान बचाई और उसकी हालत सामान्य हो गई।घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकला था।कोतवाली प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाक्टर अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में मंगलवार को एसआई कमालुद्दीन मय हमराह टीम द्वारा मुकदमा उपरोक्त से संबंधित अभियुक्त गंगू उर्फ पुष्पेन्द्र पुत्र राजेश निवासी ग्राम गोबरहा को सुदनीपुर मार्ग से गिरफ्तार किया गया।घटना में प्रयुक्त चाकू पूर्व में बरामद किया गया है आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी।
