
आजमगढ़ । नरौली पर स्थित कला व संस्कृति केंद्र भवन में उत्तर प्रदेश के दूसरे और पूर्वान्चल के प्रथम मीडिया हाउस एवं एक न्यूज चैनल का भव्य उद्घाटन जिला विकास अधिकारी संजय सिंह व कुलसचिव महाराजा सुहेलदेव विश्विद्यालय के कुलसचिव के कर कमलों से पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा जयनाथ सिंह, लालगंज भाजपा अध्यक्ष सूरज श्रीवास्तव, चिल्ड्रेन एजुकेशनल वेलफेयर सोसाइटी से कृष्ण मोहन त्रिपाठी एवं जनपद के प्रख्यात आर्थोपेडिक चिकित्सक डॉ0 मनीष त्रिपाठी की गरिमामय उपस्थिति में बुधवार को सम्पन्न हुआ। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर इस अवसर पर आयोजित वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में मीडिया की भूमिका विषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी का भी श्रीगणेश किया। स्नेहलता राय ने सरस्वती वन्दना कर संगोष्ठी का शुभारंभ किया, तथा स्वागत गीत डॉ0 आशा सिंह ने प्रस्तुत किया।डॉ0 प्रतिभा सिंह ने स्वागत भाषण देते हुए आये हुए अतिथियों का अभिनंदन किया। विषय का प्रवर्तन करते हुए सुहेलदेव विश्विद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ0 प्रवेश कुमार सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका मीडिया की ही होती है इस मीडिया हाउस के माध्यम से जन मन की आवाज़ को सत्ता के शीर्ष पर पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। डॉ0 कृष्ण मोहन त्रिपाठी ने मीडिया को देश का जिम्मेदार बेटा कहते हुए लोकतंत्र के सरंक्षण की जिम्मेदारी उन्ही के कंधों पर होना बताया। मिशन हॉस्पिटल के निदेशक डॉ0 अशोक सिंह ने मीडिया हाउस को शुभकामनाएं देते हुए उसे जन अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम बनने का संदेश दिया। आर्थो चिकित्सक डॉ0 मनीष त्रिपाठी ने कहा कि आज के राजनीतिक परिदृश्य में मीडिया की जिम्मेदारी कहीं अधिक है, नया मीडिया हाउस पक्ष विपक्ष को संतुलित रखते हुए जनता तक सही निष्कर्ष पहुंचाएगा ऐसा विश्वास है। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह ने कहा कि मीडिया जनमत निर्माण का प्रमुख माध्यम है । इसलिए सही जनमत निर्माण के लिए मीडिया को भी सही भूमिका निभानी पड़ेगी। महाराजा सुहेलदेव विश्विद्यालय के कुलसचिव विशेश्वर प्रसाद ने कहा कि समय के साथ मीडिया के साधन और मायने दोनों बदल चुके हैं, इस नए युग में मीडिया एक परिवर्तनकारी दृष्टा और चेतना के वाहक की भूमिका निभाकर समाज में कई सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है। प्रभुनारायण पाण्डेय’प्रेमी’ जी ने अपने काव्य पाठ के माध्यम से मीडिया और समाज के संबंधों को चित्रित किया। ग्रेट इण्डिया पत्रिका के संपादक राहुल सिंह और होटल पार्क डिलाइट के एम डी अभिषेक राय ने आये हुए अतिथियों के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन ले0 डॉ0 पंकज सिंह ने किया। कार्यक्रम में शिक्षण संस्थानों से आये हुए प्राचार्यों और प्रबन्धको को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सदावृक्ष पांडेय, जे0पी0 यादव,अखिलेश मिश्र’गुड्डू’, सर्वोदय शिक्षण समूह के निदेशक राजेन्द्र यादव, मनोज पाण्डेय, डॉ0 शालिनी राय, डॉ0 गीता सिंह, डॉ अखिलेश चंद डॉ प्रियंका डॉ निधि डॉ प्रतिभा समाजसेवी आदि सक्रिय रूप से उपस्थित रहे ।