
अतरौलिया आजमगढ़ सूर्य आराधना के महापर्व डाला छठ पर दिन-रात के कठिन निराजल व्रत के बाद ब्रती महिलाओं ने आज नगर के पूरब पोखरे व पश्चिमी पोखरे पर उदयमान भगवान सूर्य को अर्ध्य अर्पित कर संतान व परिवार की मंगल कामना के लिए पूजा अर्चना किया। लोक आस्था के इस छठ महापर्व पर सुबह 4:00 बजे से ही ब्रति महिलाएं अपने परिजनों, रिश्तेदारों के साथ घाट पर बनी पूजा की बेदी पर पहुंचकर पानी में खड़ी होकर भगवान सूर्य के उदित होने के इंतजार में हाथ जोड़ पूजा अर्चना करती दिखी।
भगवान सूर्य के उदयमान होते ही ब्रती महिलाओं ने सुबह की पहली और व्रत की आखिरी अर्ध्य देकर कठिन ब्रत पूर्ण किया। नगर पंचायत के पूरब पोखरे व पश्चिमी पोखरे पर काफी भीड़ रही जहां लोगों को खड़े होने तक की जगह नहीं बची। नगर पंचायत द्वारा जगह-जगह विद्युत झालरों से घाटों को सजाया गया था, सफेद दूधिया रोशनी घाटों के चारों किनारो पर लगाई गई थी। नगर प्रशासन द्वारा घाटों की साफ सफाई चूना, ब्लीचिंग का छिड़काव भी कराया गया था जिससे व्रती महिलाओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी ना हो। वहीं सुरक्षा के दृष्टि से थाना अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह, उप निरीक्षक संतोष यादव समेत महिला पुलिस कर्मियों को भी घाटों पर लगाया गया था। सुबह उदीयमान सूर्य को अर्ध देकर छठ महापर्व का सकुशल समापन हो गया।