विधायक ने पात्र मतदाताओं से नाम जुड़वाने और त्रुटियों में सुधार कराने की किया अपील
मुबारकपुर (आजमगढ़)। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को आयोजित विशेष अभियान दिवस के अवसर पर मुबारकपुर विधायक अखिलेश यादव ने क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों और बूथों पर पहुंचकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बूथों पर मौजूद बीएलओ से बातचीत कर नए मतदाताओं के पंजीकरण एवं मतदाता सूची में संशोधन से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। विधायक ने लोगों से अपील की कि वे अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण अवश्य जांच लें। जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फार्म-6 भरकर अपना नाम दर्ज कराएं। वहीं नाम या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित फार्म के माध्यम से सुधार कराएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी है। विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक होना चाहिए। इस दौरान विधायक के साथ रमेश गौड़, चंदन यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
