आजमगढ़, मुबारकपुर। थाना मुबारकपुर पुलिस को योगा टीचर भर्ती के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। कस्बा चौकी इंचार्ज उ0नि0 धर्मेंद्र शर्मा ने अपनी टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के वांछित अभियुक्त राजेन्द्र चौहान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 11 फर्जी नियुक्ति पत्र बरामद किए हैं। पूछताछ में अभियुक्त ने खुद को कंप्यूटर इंजीनियर बताया है।पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को चौकी प्रभारी कस्बा उ0नि0 धर्मेंद्र शर्मा मय हमराह हे0का0 मुशाहिद रजा, का0 हरेंद्र सिंह और का0 कुलदीप कुमार सरोज के साथ रोडवेज तिराहा क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि योगा टीचर ठगी प्रकरण का वांछित अभियुक्त राजेन्द्र चौहान अपनी हीरो ग्लैमर बाइक संख्या UP 60 Z 2864 से रोडवेज तिराहे पर किसी साथी से मिलने आने वाला है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दी। कुछ ही देर में संदिग्ध बाइक से मौके पर पहुंचा। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 11 अदद फर्जी नियुक्ति पत्र बरामद किए गए। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजेन्द्र चौहान पुत्र मक्खन चौहान, निवासी चरींवा (नाद पलिया), थाना भीमपुरा, जनपद बलिया, हाल पता ग्राम भदुली, थाना सिधारी, जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 41 वर्ष के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह ने 01 अगस्त 2026 को सुजाता जायसवाल को एनजीओ में योगा टीचर की नौकरी लगवाने का झांसा देकर 1 लाख 35 हजार रुपये की ठगी की थी। आरोप है कि पीड़िता को फर्जी मैक्स आईडी और फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर विश्वास में लिया गया था। मामले में थाना मुबारकपुर में मु0अ0सं0 283/2026 दर्ज किया गया था।पुलिस की कार्रवाई में इस मामले में गिरोह के एक अन्य सदस्य रितेश वर्मा को 02 अगस्त को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब राजेन्द्र चौहान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और ठगी के नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि फर्जी नियुक्ति पत्र और नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
