मुबारकपुर आजमगढ़ मुबारकपुर के पूरा दीवान स्थित कुरैशी मैरेज हॉल में मंगलवार को समाजवादी पार्टी द्वारा PDA कार्यकर्ता सम्मान सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं, बूथ अध्यक्षों और पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी नेता शैलेंद्र यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के संस्थापक नेताजी मुलायम सिंह यादव के विचारों को याद किया और कहा कि समाजवादी आंदोलन की असली ताकत कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीढ़ की हड्डी बताते रहे हैं और बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही संगठन का सबसे बड़ा नेता होता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना पार्टी का लक्ष्य है और सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा एवं मजबूती के साथ संगठन को गांव-गांव और बूथ-बूथ तक मजबूत करें, ताकि अखिलेश यादव को एक बार फिर उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया जा सके। सम्मेलन के दौरान मुख्य अतिथि ने पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं एवं बूथ स्तर के नेताओं को शॉल ओढ़ाकर और फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाता है तथा यही सम्मान आने वाले चुनावों में जीत की नींव बनेगा। कार्यक्रम का संयोजन असरारुल हक व डा. मोकर्रम मलिक ने किया। वहीं समाजवादी युवा नेता डॉ. मुकर्रम अली ने भी संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला पंचायत प्रत्याशी प्रदीप यादव ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं की मेहनत और एकजुटता में है। उन्होंने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए आगामी चुनावों में पूरी मजबूती के साथ पार्टी को विजयी बनाने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर अधिक संख्या में कार्यकर्ता व नेतागण उपस्थित थे
