आजमगढ़ के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में 06 जून 2026 को पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना मुबारकपुर में मुकदमा संख्या 216/2026, धारा 137(3) व 87 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस द्वारा की गई विवेचना एवं मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश लगातार जारी थी। इसी क्रम में उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित आरोपी रोडवेज बस अड्डा मुबारकपुर के पास मौजूद है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील पुत्र स्व. राजेन्द्र, निवासी कटरा बलुआ, थाना मुबारकपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को रविवार को करीब 11:20 बजे गिरफ्तार किया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा, कांस्टेबल विनय यादव एवं महिला कांस्टेबल रागिनी सिंह शामिल रहीं।
