लालगंज (आजमगढ़)। ग्रामीण क्षेत्रों में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति बाधित होने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि देवगांव–मेहनाजपुर, देवगांव–जिवली, लालगंज–तरवां, तरवां–मेहनाजपुर सहित कई ग्रामीण मार्गों पर स्थित पेट्रोल पंपों पर ईंधन उपलब्ध न होने के कारण वे बंद पड़े हैं। केवल मुख्य मार्गों के कुछ ही पंपों पर पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति हो पा रही है। ईंधन की अनुपलब्धता के चलते ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को पेट्रोल व डीजल लेने के लिए दूर-दराज तक भटकना पड़ रहा है, जिससे समय और संसाधनों दोनों की बर्बादी हो रही है। इससे आम जनजीवन और परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। गौरतलब है कि शासन द्वारा लगातार यह अपील की जा रही है कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है तथा लोग अनावश्यक भीड़ न लगाएं और न ही ईंधन का भंडारण करें। इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति व्यवस्था बाधित बनी हुई है, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। इस संबंध में पूछे जाने पर पूर्ति निरीक्षक राज कमल राय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों के बंद होने की जानकारी उन्हें नहीं है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कर ग्रामीण क्षेत्रों के सभी पंपों पर पेट्रोल और डीजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए, ताकि जनता को राहत मिल सके।
