आजमगढ़ सर्वोदय पब्लिक स्कूल, घोरठ में चल रहे 99 यूपी बटालियन एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर CATC-313 के छठवें दिन _”आधुनिक कृषि में युवाओं की भूमिका”_ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता डॉ. सर्वेश कुमार, असिस्टेंट प्रोफेसर, श्री दुर्गा जी पी.जी. कॉलेज, चंडेश्वर ने कैडेटों को संबोधित किया। डॉ. सर्वेश कुमार ने कहा कि भारत के युवा आधुनिक खेती की तकनीकों को अपनाकर देश की तस्वीर बदलने में सक्षम हैं। उन्होंने ऑर्गेनिक फार्मिंग, नेचुरल फार्मिंग, फूड प्रोसेसिंग, ड्रोन तकनीक, ऑटोमेशन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और इंटरनेट ऑफ थिंग्स जैसी आधुनिक तकनीकों के कृषि में बढ़ते उपयोग पर प्रकाश डाला। बताया कि युवा इन तकनीकों से कृषि को अधिक उत्पादक, लाभकारी व पर्यावरण-अनुकूल बना सकते हैं। डॉ. कुमार ने कृषि क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं और किसानों को इनका लाभ उठाकर कृषि आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने का आह्वान किया। अपने संबोधन में उन्होंने अनुशासन के तीन प्रमुख स्तंभ- _नैतिकता, निष्ठा और ईमानदारी_ को सफल जीवन एवं नेतृत्व का आधार बताया। कहा कि ये मूल्य एक अच्छे कैडेट और जिम्मेदार नागरिक के निर्माण में महत्वपूर्ण हैं। कार्यक्रम का संचालन सेकेंड ऑफिसर दिनेश मिश्रा ने किया। कैम्प कमाण्डेन्ट कर्नल दिनेश शर्मा व डिप्टी कैम्प कमाण्डेन्ट ले0कर्नल जे0बी0 सिंह ने डॉ. सर्वेश को स्मृति चिन्ह और सर्वोदय पब्लिक स्कूल के प्रबंध निदेशक राजेन्द्र यादव ने अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया। व्याख्यान के दौरान कैडेट्स ने आधुनिक कृषि, सरकारी योजनाओं, खाद्य गुणवत्ता एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े सवाल पूछे। इस दौरान विभिन्न कॉलेजों के कैडेट्स, एसएम, पीआई स्टाफ और सहयुक्त एनसीसी अधिकारी मौजूद रहे।
