माहुल(आजमगढ़)।अहरौला थाना क्षेत्र में समयांतराल के अंदर अप्रैल और मई माह में हुई चोरियों का पर्दाफाश करने में पुलिस पूरी तरह विफल है। जिससे पुलिस के प्रति जनता में सवाल उत्पन्न हो रहा। 12 अप्रैल को नगर पंचायत माहुल के वार्ड नं0 09 सुबास चन्द्र बोस नगर में दिन दहाड़े संजय यादव के बंद मकान का ताला तोड़ कर लगभग 15 लाख के हीरे सोने चांदी के जेवरात चोर उठा ले गए।उसी दिन ही कोर्राघाटमपुर गांव में शैलेन्द्र यादव के घर में घुसकर पैंट की जेब में रखा छः हजार रुपया चोरों ने गायब कर दिया।इसी तरह 27 अप्रैल को क्षेत्र के बसही बाजार निवासी नीरज गुप्ता की दुकान का ताला तोड़कर ढाई लाख नकदी और एक लाख का सामान चोरी हो गया। चोरी की वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी लोगो ने देखा जिसमें बिना कपड़े के सिर पर बाल्टी रख कर चोर दुकान में चोरी कर रहा। फिर भी पुलिस चोर को पकड़ने में अभी तक सफल नहीं हुई। जब की चोरी के ठीक बाद पहुंची पुलिस ने पीड़ित से तीन दिन के अंदर घटना के पर्दाफाश का भरोसा दिलाया था। अभी हाल में ही 18 मई को माहुल पवई मार्ग पर चकमकसूदजहां गांव के बाहर प्रदीप गौतम की गुमटी का ताला तोड़ कर उसमें रखी 10हजार रूपये की पान सामग्री और इसके दो दिन बाद 20 मई को राजापुर माफी गांव में शटर का ताला तोड़ कर शीतल पेय, सिगरेट और नकदी समेत 50 हजार रूपये के माल पर दुस्साहसिक चोरों ने हाथ साफ कर दिया। इसके अलावा भी क्षेत्र में तमाम ऐसी चोरिया है जो कि पुलिस के अभिलेखों में नहीं है। क्षेत्र में सिलसिलेवार हो रही चोरियों से लोग दहशत में है और पुलिस के प्रति नकारात्मक सवाल उठा रहे। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन का कहना है कि संबंधित थानाध्यक्ष का दायित्व है कि ऐसे अपराधों का पर्दाफाश प्रमुखता के आधार पर करे। पुलिस को त्वरित पर्दाफाश के लिए पहले से ही निर्देशित किया गया है।।
