महाराजगंज आजमगढ़: बुद्ध पूर्णिमा पर शुक्रवार को महराजगंज क्षेत्र के भैरव धाम पर पर श्रद्धालुओं का तांता लग गया। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में स्नान कर भगवान भैरवनाथ का दर्शन किया। इस दौरान मौसम भी श्रद्धालुओं का साथ देता रहा हल्की बारिश ने मौसम से लोगों को गर्मी से राहत मिली है जयकारे से साथ पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है। इस बीच महिलाओं ने कढ़ाही चढ़ाकर मन्नत उतारी और परिवार के सुख समृद्धि की कामना की। वैसे प्रत्येक पूर्णिमा को भैरव धाम पर मेले का आयोजन होता है। हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं लेकिन बुद्ध पूर्णिमा पर भीड़ कुछ ज्यादा ही दिखी। आधी रात के बाद से ही पूजा सामाग्री व घरेलू उपयोग के वस्तुओं की दुकानें सज गई थी। भोर से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। लोगों ने सरोवर में स्नान कर भैरवनाथ का दर्शन किया। बाबा भैरवनाथ को बेल पत्र, बतासा, मिर्च की बोरी चढ़ाकर परिवार के सुख समृद्धि की कामना की। बड़ी संख्या में महिलाओं ने कढ़ाही चढ़ाई। भैरवानाथ के साथ ही मां काली और हनुमान जी को भी हलवा-पूड़ी का भोग लगाया गया। वहीं जिनकी मन्नत पूरी हो गई थी उनके घर की महिलाओं ने भैरव नाथ का दुग्धाभिषेक किया। इस दौरान लोग सत्यनारायण कथा भी सुनते नजर आए। मेले में भारी भीड़ दिखी। दर्शन पूजन के बाद लोगों ने घरेलू उपयोग के वस्तुओं की खरीदारी भी की। इस दौरान हनुमान मंदिर के लिए लोगों ने दान भी किया। पूरा धाम भैरवनाथ के जयकारों से गूंजता रहा।
