आजमगढ़। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद, नई दिल्ली ने 15 अप्रैल 2026 को कक्षा 10वीं का परीक्षाफल घोषित किया। इसमें सेंट जेवियर्स हाई स्कूल एलवल का परीक्षाफल शत-प्रतिशत रहा। परिणाम को लेकर छात्रों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार में खासा उत्साह दिखा। विद्यालय के मेधावी छात्र विनीत कुमार जायसवाल ने 97.4% अंक हासिल कर प्रथम स्थान पाया और विद्यालय व जिले का नाम रोशन किया। प्रियांशु दूबे ने 97% अंकों के साथ द्वितीय, गरिमा यादव ने 96.8% के साथ तृतीय और दृष्टि यादव ने 96.4% अंक पाकर चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। अन्य बच्चों का प्रदर्शन भी उत्कृष्ट रहा। कक्षा 10वीं में उत्तीर्ण छात्रों में 95% से अधिक अंक पाने वाले 18 और 90% से अधिक अंक पाने वाले कुल 96 छात्र रहे। बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रबंध निदेशक प्रशांत चन्द्रा, आवासीय प्रबंधक प्रद्युम्न जायसवाल, अनिरूद्ध जायसवाल, प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव, उप-प्रधानाचार्य तरणी श्रीवास्तव, विद्यालय समन्वयक धीरेन्द्र भारद्वाज ने विद्यालय प्रांगण में मौजूद मेधावी बच्चों को मिठाई खिलाकर बधाई दी। प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव ने कहा कि यह परीक्षा परिणाम छात्र, शिक्षक एवं अभिभावकों के अथक परिश्रम, लगन व त्याग का प्रतिफल है। उन्होंने बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की और समस्त विद्यालय परिवार के प्रति आभार जताया।
