पवई (आजमगढ़) । जयपुर से पश्चिम बंगाल जा रही एक यात्री बस में गुरुवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 188.6 पर सहेला गांव के पास दोपहर लगभग 2:15 अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते बस धू-धू कर जलने लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई। ग्रामीणों के अनुसार, बस से अचानक धुआं उठता देख चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद यात्रियों को तुरंत बस से नीचे उतारा गया। कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। इस हादसे के चलते कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।
