मुबारकपुर आजमगढ़। शिक्षा क्षेत्र सठियांव के अंतर्गत स्थित एम ए सेंट्रल पब्लिक स्कूल जमुड़ी में सोमवार को वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक सादगीपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से टॉप करने वाले विद्यार्थियों को मार्कशीट के साथ मेडल प्रदान किए गए। सम्मान पाकर छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उनके अभिभावकों में भी गर्व का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान अन्य छात्रों को भी मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय के प्रबंधक नदीम अहमद ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि परिश्रम और लगन से ही सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने छात्रों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य मोहम्मद असद अहमद ने अपने संबोधन में कहा कि यह परिणाम छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त परिणाम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता की कुंजी है। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन छात्रों के उत्साह और खुशी के माहौल के बीच हुआ।
