अतरौलिया आजमगढ़ अतरौलिया विकासखंड के अंतर्गत दादर गांव में विधायक निधि से निर्मित 220 मीटर लंबे सीसी मार्ग का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य बलराम यादव तथा क्षेत्रीय विधायक डॉ. संग्राम यादव मौजूद रहे। लोकार्पण के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संग्राम यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार जनता को धर्म और जाति के आधार पर बांटने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि “भारत की आत्मा गांवों में बसती है। यदि देश को सशक्त बनाना है तो गांवों को नगर पंचायत जैसी मूलभूत सुविधाएं देनी होंगी।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीब तबके को शिक्षा से दूर करने का प्रयास कर रही है। अपने संबोधन में उन्होंने शंकराचार्य स्वामी अभिमुक्तेश्वरानन्द से जुड़े मुद्दे का भी उल्लेख किया और आगामी चुनाव में सरकार को बदलने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित ब्लॉक प्रमुख अतरौलिया चन्द्रशेखर यादव ने कहा कि विधायक क्षेत्र के प्रत्येक गांव को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने बताया कि विधायक निधि से जहां सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है, वहीं गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता भी दी जा रही है। कार्यक्रम के आयोजक पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंद्रजीत यादव ने अतिथियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। सभा की अध्यक्षता रामचेत राजभर ने की। कार्यक्रम का संचालन जयप्रकाश यादव ने किया। इस अवसर पर प्रधान बलराम यादव, बृजराज यादव, परमेन्द्र यादव, इरशाद अहमद, चन्द्रदेव राजभर, अभिषेक यादव उर्फ लालू, घनानंद गिरी, उमाकांत यादव, राजेश, राजेन्द्र यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
