फूलपुर आजमगढ़ फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव के पास लखनऊ–बलिया राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में यूपी बोर्ड हाईस्कूल की गणित परीक्षा देने जा रहे एक परीक्षार्थी की मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल छात्र को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार सूक्खीपुर थाना अहरौला निवासी समीर(20) पुत्र नसीम और आकिब (19) पुत्र नसीर अहमद बाइक से परीक्षा केंद्र जा रहे थे।इसी दौरान इब्राहिमपुर के पास सामने से आ रही एक कार से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर पहुंचाया गया,जहाँ चिकित्सकों ने समीर को मृत घोषित कर दिया।वहीं गंभीर रूप से घायल आकिब की हालत नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि दोनों छात्र रिसेंट पब्लिक इंटर कॉलेज गनवारा माहुल में कक्षा 10 के छात्र थे।उनका परीक्षा केंद्र जनता इंटर कॉलेज अम्बारी में निर्धारित था।शुक्रवार को हाईस्कूल की गणित की परीक्षा देने के लिए दोनों छात्र घर से निकले थे।मृतक समीर अपने माता-पिता की इकलौता बेटा था और उसकी एक बहन है। उसके पिता सऊदी अरब में रहकर परिवार का भरण-पोषण करते है।इकलौते बेटे की असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।सूचना मिलते ही फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।
