मुबारकपुर आज़मगढ़ अल हिदाया इंटरनेशनल स्कूल में विगत रात्रि वार्षिक महोत्सव बड़े ही उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावकों और क्षेत्र के अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में बसुपार के प्रधान अब्दुल वहाब उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. मोहम्मद अशरफ़ ने समारोह की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें नृत्य, नाटक, कव्वाली और देशभक्ति गीत शामिल रहे। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने दर्शकों का मन मोह लिया और मौजूद लोगों की तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में विद्यालय प्रबंधन और विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के मैनेजर शेख मोहम्मद अरशद ने सभी मुख्य अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा आप सभी के सहयोग और मार्गदर्शन से ही यह वार्षिक महोत्सव सफल हो पाया है। हम भविष्य में भी शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते रहेंगे। इस अवसर पर प्रधानाचार्य शैख मोहम्मद आदिल सलाम, सेराज अहमद सिद्दीकी, सुलतान स्कूल के मैनेजर मोहम्मद फरहान, महाप्रधान ज़ियाउल्लाह अंसारी, उप प्रधानाचार्य फरहाना बानो, कोऑर्डिनेटर ज़फ़र अहमद और राज सर आदि उपस्थित थे।
