महराजगंज आजमगढ़ महराजगंज थाना क्षेत्र के बड़हरडीह गांव में छोटी सरयू नदी के पुल के नीचे उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने लगभग आधा दर्जन गोवंशों के कटे हुए सिर पड़े देखे| घटना की जानकारी मिलते ही गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में आक्रोश का माहौल बन गया | देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण और हिंदू संगठनों के लोग मौके पर एकत्र हो गए और घटना को आस्था पर हमला बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई |ग्रामीणों का कहना है कि गोवंश हिंदू समाज की आस्था का प्रतीक है और इस तरह की घटना से धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है |लोगों ने आशंका जताई कि किसी शरारती तत्व द्वारा जानबूझकर क्षेत्र का माहौल खराब करने की नीयत से यह कृत्य किया गया है | घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया| पुलिस ने मौके का मुआयना कर साक्ष्य एकत्र किए तथा आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की | घटना की जानकारी मिलते ही सी ओ सगड़ी भी मौके पर पहुंचें और गोवंश पर हुए क्रूरता का गंभीरता से संज्ञान लिया तथा आवश्यक निर्देश दिया |पुलिस अधिकारी का कहना है कि मामले की गंभीरता को समझते हुए सभी पहलुओं को ध्यान में रख कर जांच की जा रही है | सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और संदिग्ध गतिविधियों सहित सभी संभावित तकनीकी पहलुओं को भी जांच के दायरे में लाया जा रहा है, ताकि दोषियों तक जल्द पहुंचा जा सके| वहीं हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है |उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द खुलासा नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा| फिलहाल पुलिस बल तैनात कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखी जा रही है और लोगों से संयम बरतने की अपील की गई है| पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी |
