अतरौलिया आजमगढ़ किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अतरौलिया फार्मर्स प्रोड्यूसर्स कंपनी लिमिटेड द्वारा संचालित फार्म मशीनरी स्टोर का शुभारंभ रविवार को किया गया। मनोज मैरिज हॉल के समीप स्थित इस स्टोर का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आधुनिक तकनीक और कृषि यंत्रों की उपलब्धता बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पहले क्षेत्र के किसानों को उन्नत कृषि उपकरणों के लिए पंजाब जैसे राज्यों की ओर रुख करना पड़ता था, लेकिन अब नैनो यूरिया छिड़काव मशीन सहित अत्याधुनिक कृषि यंत्र अतरौलिया में ही उपलब्ध होंगे। इससे किसानों की लागत घटेगी और आय बढ़ेगी। चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि चुनाव अपने निर्धारित समय पर ही कराए जाएंगे। फिलहाल मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य जारी है, जिसकी अंतिम सूची 28 तारीख को प्रकाशित की जाएगी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व जिला अध्यक्ष जय नाथ सिंह, लालगंज जिला अध्यक्ष विनोद राजभर एवं अपर कृषि निदेशक आशीष कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे। जय नाथ सिंह ने फार्मर्स प्रोड्यूसर्स कंपनी लिमिटेड (एफपीओ) की शुरुआत को ग्रामीण क्षेत्र, विशेषकर अतरौलिया के किसानों के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने संस्था के प्रोप्राइटर व चेयरमैन रजनीकांत पांडेय को बधाई देते हुए कहा कि यह एफपीओ आधुनिक ट्रैक्टरों और कृषि उपकरणों से सुसज्जित है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश की अपनी तरह की अग्रणी संस्था बताते हुए कहा कि यह अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए एक सुनहरा अवसर है। इसके लिए उन्होंने प्रेम नारायण पांडेय एवं रजनीकांत पांडेय का आभार जताया। संस्था के निदेशक रजनीकांत पांडेय ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के किसान, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
