काली चौरा समेत तीन प्रमुख घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और स्वच्छ जल की व्यवस्था पूरी करने में जुटा नगर पंचायत प्रशासन,
अब तक तैयार हुईं करीब 200 वेदियां
माहुल(आजमगढ़)। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ को लेकर माहुल नगर पंचायत में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। सूर्योपासना के इस पावन पर्व पर व्रती महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत प्रशासन ने कमर कस ली है। नगर के प्रमुख पोखरों पर साफ-सफाई से लेकर विद्युत व्यवस्था और श्रद्धालुओं के बैठने तक के इंतजाम किए जा रहे हैं। शनिवार शाम तक विभिन्न घाटों पर करीब 200 वेदियां बनकर तैयार हो चुकी थीं। वहीं, महिलाएं भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ अपनी वेदियां तैयार करने में जुटी हैं। नगर पंचायत माहुल के अधिशासी अधिकारी अवधेश मिश्रा ने बताया कि वार्ड नंबर तीन गांधी नगर स्थित सिद्धपीठ काली चौरा, वार्ड नंबर पांच सरदार वल्लभभाई पटेल नगर के केवटाना तथा वार्ड नंबर 11 में पॉलिटेक्निक स्कूल के समीप स्थित पोखरे पर विशेष व्यवस्था की जा रही है। इन सभी स्थानों पर नगर पंचायत की ओर से साफ-सफाई, विद्युत प्रकाश, चूने का छिड़काव, कपड़े बदलने के लिए चेंजिंग रूम और श्रद्धालुओं के बैठने के लिए पंडाल की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही माइक और साउंड सिस्टम तथा पोखरों में स्वच्छ जल भराव का भी इंतजाम किया गया है। घाटों पर व्रती महिलाओं और उनके परिजनों की चहल-पहल बढ़ गई है। महिलाएं पूजा के लिए अपनी-अपनी वेदियां तैयार कर रही हैं। पूरे क्षेत्र में छठ महापर्व को लेकर भक्तिमय माहौल बनने लगा है। पंडित धरणीधर पांडेय ने बताया कि छठ का चार दिवसीय कठिन सूर्योपासना व्रत पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ किया जाता है। महिलाएं भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना कर संतान की सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली और मंगलकामना के लिए यह व्रत रखती हैं।
