समिति अध्यक्ष ने पुरोहित से किया संपर्क, घटना को लेकर भक्तों में कौतूहल
माहुल(आजमगढ़)। स्थानीय नगर में मां दुर्गा की प्रतिमा की आंखों से आंसू निकलने की घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। बुधवार को विसर्जन की तैयारी के दौरान प्रतिमा की आंखों से आंसू जैसा द्रव निकलता देख वहां मौजूद भक्त और श्रद्धालु आश्चर्यचकित रह गए। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रतिमा को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी। जानकारी के अनुसार, माहुल-अहरौला मार्ग पर स्थित जय मां विंध्यवासिनी दुर्गा पूजा समिति के पंडाल में बुधवार को पुरोहित द्वारा विधि-विधान से विसर्जन की प्रक्रिया पूरी कराई गई थी। इसके बाद श्रद्धालु प्रसाद लेकर अपने-अपने घर चले गए। विसर्जन के लिए पिकअप वाहन लेकर लोग जब दोबारा पहुंचे, तो प्रतिमा की आंखों से आंसू जैसा द्रव निकलता दिखाई देने की बात सामने आई। यह देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए और घटना की चर्चा शुरू हो गई। समिति के अध्यक्ष महेंद्र मौर्य ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने पुरोहित हर्षित चतुर्वेदी से संपर्क कर जानकारी ली। अध्यक्ष के मुताबिक, पुरोहित ने इसे माता की प्रसन्नता से जोड़ते हुए धार देकर प्रसाद वितरित करने की बात कही। घटना को लेकर श्रद्धालुओं में कौतूहल बना हुआ है। लोग इसे अपनी-अपनी आस्था और मान्यताओं के अनुसार देख रहे हैं। हालांकि, प्रतिमा की आंखों से द्रव निकलने के वास्तविक कारण की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
