लालगंज (आजमगढ़) स्थानीय नगर में नगर पंचायत व प्रशासनिक निष्क्रियता के चलते अतिक्रमण करने की प्रवृति बढ़ती जा रही है जिसका खामियाजा स्कूली बच्चों व आमजनता को भुगतना पड़ रहा है। वहीं जिम्मेदार लोग कान में तेल डाले पड़े हुए है। नगर में दुकानों के आगे टिनशेड, झाप, सामान, कुर्सी , बेंच आदि रख कर अतिक्रमण करने की प्रवृति काफी दिनों से चली आ रही है।प्रशासनिक सख्ती न होने से अब दुकानों के सामने टेंट लगाने का भी कार्य शुरू हो गया है ।देखा देखी और लोग लगाना शुरू कर देंगे तो फिर नगर की सड़क पर चलना मुश्किल हो जाएगा।नगर के मध्य बाजार में एक व्यापारी द्वारा अपने दुकान के सामने सजावट सम्बन्धी टेंट लगा कर दस दिन से नए तरह का अतिक्रमण किया है।नगर पंचायत व लोक निर्माण विभाग के तरफ से तो कभी इन अतिक्रमणकारियों को चेतावनी भी नहीं दी जाती है।इतना ही नहीं पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन दिन भर नगर से गुजरते रहते है लेकिन किसी का ध्यान इस नए तरह के अतिक्रमण के तरफ नहीं गया जिससे नए तरह के अतिक्रमण के बढ़ने की संभावना बनी हुई है जिससे नगर को जाम के झाम से बचाना मुश्किल हो जाएगा जिसका खामियाजा स्कूली बच्चों व आमजनता को भुगतना पड़ेगा।
