रॉयल सुंदरम कंपनी के नाम पर फर्जी पॉलिसी बनाकर करता था ठगी, मोबाइल-सिम बरामद।
मुबारकपुर/आजमगढ़। कस्बा चौकी इंचार्ज धर्मेन्द्र शर्मा ने फर्जी इंश्योरेंस पॉलिसी बनाकर ठगी करने वाले गिरोह के शातिर वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी रॉयल सुंदरम जनरल इंश्योरेंस कंपनी के नाम पर फर्जी पॉलिसी तैयार कर ग्राहकों से ठगी करता था। माननीय न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आजमगढ़ के आदेश पर रॉयल सुंदरम कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि की तहरीर पर थाना मुबारकपुर में रवि कुमार झा और अंकित जायसवाल के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। शुक्रवार 05 सितंबर 2026 को कस्बा चौकी इंचार्ज उ0नि0 धर्मेन्द्र शर्मा हमराह कांस्टेबल कुलदीप सरोज और कांस्टेबल मुकुन्द मिश्रा के साथ बड़ी अर्जेंटी तिराहे पर भ्रमण पर थे। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि मुकदमे का वांछित आरोपी रोडवेज तिराहे के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और करीब 13:05 बजे कस्बा मुबारकपुर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि कुमार झा पुत्र विनोद झा, उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई है। वह मूल रूप से भासर चौक, सीतामढ़ी, बिहार का निवासी है और वर्तमान में जनकपुरी, नई दिल्ली में रहता था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ग्राहकों से पैसे लेकर फर्जी इंश्योरेंस पॉलिसी तैयार कर अनुचित लाभ कमाता था।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 01 ओप्पो मोबाइल फोन और 01 सिम कार्ड बरामद किया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
