लालगंज (आजमगढ़)राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ लालगंज नगर इकाई द्वारा रक्षाबंधन उत्सव कार्यक्रम का आयोजन बृहस्पतिवार की देर शाम किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र ठाकुर उपस्थित रहे। अपने संबोधन में नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम और रक्षा का पर्व नहीं, बल्कि यह समाज का उत्सव और सामाजिक बंधुत्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और बंधुत्व की भावना को मजबूत करते हुए राष्ट्र निर्माण की दिशा में कार्य करना हम सभी का दायित्व है।उन्होंने स्वयंसेवकों का आह्वान किया कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले कार्यों को स्वयं के आचरण एवं व्यवहार में उतारें तथा समाज के सहयोग से ऐसे कार्यों को आगे बढ़ाएं, जिससे समाज और राष्ट्र वर्तमान परिस्थितियों से निकलकर प्रगति के मार्ग पर अग्रसर हो सके।कार्यक्रम में आर्यमगढ़ विभाग के विभाग संघचालक सुरेश शुक्ला , लालगंज नगर के सह नगर संघचालक दिनेश , विभाग प्रचारक आजमगढ़ दीनानाथ , प्रांत प्रचार प्रमुख सुशील, जिला प्रचारक आलोक , नगर कार्यवाह आदर्श , सह नगर कार्यवाह सुशील, नगर प्रचारक सक्षम , विभाग व्यवस्था प्रमुख उमाशंकर तथा जिला कार्यकारिणी सदस्य उत्कर्ष तिवारी सहित लालगंज नगर के बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामाजिक समरसता, बंधुत्व और राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।
