ग्रामीणों को दिया समस्याओं के समाधान का भरोसा
महराजगंज आजमगढ़ जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने गुरुवार को देवरांचल क्षेत्र में सरयू नदी से हो रही तेज कटान का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित गांवों का दौरा कर कटान की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने कटान से खेतों और घरों पर मंडरा रहे खतरे के साथ सुरक्षा एवं राहत व्यवस्था से जुड़ी परेशानियां अधिकारियों के सामने रखीं।जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को कटान रोकने के लिए प्रभावी एवं त्वरित कदम उठाने के निर्देश दिए। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने लोगों को आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा व्यवस्था के साथ हर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि कटान प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है और हालात पर पूरी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
