लालगंज (आजमगढ़) देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कालीचाबाद गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो किशोरों की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। कालीचाबाद निवासी अंशु मौर्य (17 वर्ष) रविवार को गांव के पोखरे में स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए किनारे पर मौजूद अल्तमस (16 वर्ष) तत्काल पोखरे में कूद पड़ा, लेकिन वह भी गहरे पानी में फंस गया। देखते ही देखते दोनों किशोर डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों को पोखरे से बाहर निकालकर सौ शैया चिकित्सालय लालगंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।सूचना पर देवगांव कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे गांव में मातम का माहौल है।
