मुबारकपुर (आजमगढ़)। बनारसी साड़ियों की बुनाई के लिए देश-विदेश में अपनी अलग पहचान रखने वाला मुबारकपुर अब शिक्षा के क्षेत्र में भी नई मिसाल कायम कर रहा है। जिस कस्बे की पहचान कभी केवल बुनकरों की नगरी के रूप में होती थी, वहीं आज यहां के बेटे-बेटियां अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सफलता हासिल कर रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों से नीट जैसी कठिन परीक्षा में मुबारकपुर के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन जारी है और इस वर्ष भी एक दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं ने सफलता प्राप्त कर पूरे नगर का गौरव बढ़ाया है। नीट (NEET) 2026 के घोषित परिणाम में मुबारकपुर क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इन होनहार विद्यार्थियों की सफलता से पूरे नगर में खुशी का माहौल है। अभिभावकों, शिक्षकों एवं समाज के लोगों ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सफल विद्यार्थियों में मोहम्मद ज़कारिया पुत्र इरशाद अहमद (नेवादा), मोहम्मद कैफ पुत्र रईस अहमद (पुरा दुल्हन), मोहम्मद अलास खान पुत्र शाहिद इलियास खान (सिक्ठी), मोहम्मद अरीस पुत्र डॉ. राशिद हसन (पुरा रानी), मोहम्मद तालिब पुत्र इरफान अहमद (सरैयां), राशिद कमाल पुत्र अब्दुल वली (पुरा रानी), हामिद अलीम पुत्र हसन रज़ा (पुरा रानी), मलकूत पुत्री इन्तेखाब अली हुसैनी (बाग), उत्कर्ष जायसवाल, आदिल अब्बास पुत्र इन्तेज़ार हुसैन (नूरपुर बुतात), सारा फातिमा पुत्री एम. असजद अज़ीजी (नेवादा) तथा मुहम्मद अकमल पुत्र डॉ. कमाल अख्तर (इब्राहिमपुर) शामिल हैं। इन प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं की सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उनके अभिभावकों, शिक्षकों और पूरे मुबारकपुर के लिए गर्व का विषय है। यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि मेहनत, लगन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बल पर हर सपना साकार किया जा सकता है। नगरवासियों ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी मुबारकपुर के युवा शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूते हुए अपने शहर, प्रदेश और देश का नाम रोशन करते रहेंगे।
